जयपुर, 12 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं बाल मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि प्रदेश में 5 वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया की रोकथाम, प्रभावी उपचार एवं समुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से 12 नवम्बर से 28 फरवरी तक सांस अभियान संचालित किया जाएगा। साथ ही 15 से 21 नवम्बर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह भी आयोजित किया जाएगा।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ के मार्गदर्शन में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम द्वारा प्रदेशभर में सांस (SAANS) अभियान एवं राष्ट्रीय नवजात सप्ताह के प्रभावी क्रियान्वयन तथा इनसे संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मिशन निदेशक ने बताया कि सांस अभियान एवं राष्ट्रीय नवजात सप्ताह के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान करने के लिए गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में निदेशक आरसीएच की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेशभर के सभी जिलों के जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला आशा समन्वयक, डीईआईसी समन्वयक, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारी जुड़े।