- आमजन और पुलिस के बीच समन्वय होगा और अधिक मजबूत
- (Know Your Police Beat) QR कोड स्कैन करते ही बीट अधिकारी से लेकर DCP तक के संपर्क विवरण मिलेंगे
- पुलिस कमिश्नर श्री मित्तल ने किया लोकार्पण, मानसरोवर थाना क्षेत्र से होगी शुरुआत, चरणबद्ध रूप से पूरे जयपुर कमिश्नरेट में लगेंगे वशिष्ट क्यूआर कोड जागरूकता बोर्ड
जयपुर, 29 अक्टूबर। जयपुर पुलिस द्वारा आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नागरिकों को अपने क्षेत्र की बीट पुलिस एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों की जानकारी सहज रूप से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ QR Code आधारित बीट जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे। इस पहल से आमजन को अपने क्षेत्र की पुलिस से सीधे जुड़ने, आवश्यकतानुसार संपर्क करने और पुलिस संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
इसी क्रम में गुरुवार को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ (Know Your Police Beat) QR Code आधारित बीट जागरूकता बोर्ड का पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल द्वारा लोकार्पण किया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीट के लिए अलग QR कोड निर्धारित किया गया है तथा उसी बीट के अनुरूप जागरूकता बोर्ड तैयार किए गए हैं। प्रत्येक बीट क्षेत्र में 7 से 10 बोर्ड उपयुक्त स्थानों पर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें। श्री मित्तल ने बताया कि इस पहल की शुरुआत प्रारंभिक चरण में पुलिस थाना मानसरोवर क्षेत्र से की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध रूप से जयपुर पुलिस आयुक्तालय के सभी पुलिस थाना क्षेत्रों में संबंधित बीट के अनुसार जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक बोर्ड पर अंकित विशिष्ट QR कोड को स्कैन करने पर संबंधित बीट का विवरण, पुलिस थाने का पता, गूगल लोकेशन और संपर्क नंबर सहित संबंधित DCP, ADDNL. DCP, ACP, SHO तथा बीट अधिकारी का नाम एवं संपर्क नंबर उपलब्ध हो सकेगा।
