Skip to content
BREAKING

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने लोकनायक भवन परिसर और पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान की समीक्षा की

Updated:

पुनः आवंटित स्थान पर पुस्तकालय और वाचनालय का उद्घाटन किया

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने लोकनायक भवन परिसर और पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान की समीक्षा की; ‘सफाई’ कर्मचारियों को सम्मानित किया
— पत्र सूचना कार्यालय (PIB), भारत सरकार
  • पुनः आवंटित स्थान पर पुस्तकालय और वाचनालय का उद्घाटन किया
  • स्वच्छता दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा होना चाहिए : डॉ. जितेन्द्र सिंह
  • मंत्री ने नागरिक-केन्द्रित पेंशन सुधारों और पेंशनभोगियों के लिए जीवनयापन में सुगमता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय में केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) , प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष विभाग के राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने आज नई दिल्ली के खान मार्केट स्थित लोकनायक भवन में पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) का दौरा किया और वहां विशेष स्वच्छता अभियान 6 के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वच्छता दैनिक कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग बने। साथ ही, उन्होंने नागरिक-केन्द्रित पेंशन प्रशासन और पेंशनभोगियों के लिए जीवनयापन में सुगमता बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच पढ़ने , ज्ञान साझा करने तथा निरंतर सीखने की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने के लिए डीओपीपीडब्ल्यू में नवनिर्मित पुस्तकालय और वाचनालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कर्मचारियों और आगंतुकों को स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वच्छता थीम पर आधारित सेल्फी प्वाइंट का भी उद्घाटन किया।

अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि स्वच्छता केवल एक बार किया जाने वाला कार्य नहीं है , बल्कि यह एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसके लिए कार्यालयों का नियमित रखरखाव, कचरे का समय पर निपटान और इलेक्ट्रॉनिक कबाड़ का जिम्मेदारीपूर्वक प्रबंधन आवश्यक है। उन्होंने विभाग से अभियान के तहत प्राप्त उपलब्धियों को बनाए रखने और पूरे वर्ष स्वच्छता संबंधी पहलों की गति बरकरार रखने का आग्रह किया।

कबाड़ संग्रह केन्द्र के दौरे के दौरान डॉ. जितेन्द्र सिंह ने अभियान के तहत उत्पन्न इलेक्ट्रॉनिक कचरे सहित अन्य कबाड़ के संग्रह , पृथक्करण और निपटान की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अनुपयोगी सामग्री को हटाने, कार्यालय में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करने और कचरे के जिम्मेदारीपूर्वक निपटान को बढ़ावा देने के विभाग के प्रयासों की सराहना की।

लोकनायक भवन की स्वच्छता एवं रखरखाव में जुटे कर्मचारियों के योगदान को मान्यता देते हुए मंत्री ने ‘सफाई’ कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों को पर्यावरण अनुकूल बैग और स्वच्छता किट प्रदान किए तथा स्वच्छ कार्य वातावरण बनाए रखने में उनके प्रयासों की सराहना की।

मंत्री ने स्वच्छता का संदेश सरकारी कार्यालयों से आगे बढ़ाकर व्यस्त सार्वजनिक स्थलों , विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों तक पहुंचाने का भी आह्वान किया। इसके लिए उन्होंने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद जैसे स्थानीय निकायों के साथ समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छता को साझा नागरिक जिम्मेदारी बनाने के लिए सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेन्द्र सिंह ने केन्द्र सरकार के पेंशनभोगियों से बातचीत की। पेंशनभोगियों ने डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र , केन्द्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (सीपीईएनजीआरएएमएस) और एकीकृत पेंशनभोगी पोर्टल के संबंध में अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। इस संवाद में पेंशनभोगियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सुलभ डिजिटल सेवाओं और त्वरित शिकायत निवारण के महत्व को रेखांकित किया गया।

पेंशन प्रशासन के प्रति सरकार की नागरिक-केन्द्रित और सुविधाजनक दृष्टिकोण की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मंत्री ने एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सूचनाओं और सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने रेखांकित किया कि प्रशासनिक सुधारों का उद्देश्य पेंशनभोगियों के जीवनयापन में सुगमता के स्तर पर ठोस सुधार लाना होना चाहिए।

डॉ. जितेन्द्र सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अवसरों और सुविधाओं तक पहुंच की कमी से अक्सर लोगों की कमजोर स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने समय पर सहायता , प्रभावी सुविधा उपलब्ध कराने और संवेदनशील एवं उत्तरदायी सार्वजनिक सेवाओं के महत्व को रेखांकित किया।

दौरे के दौरान मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत लोकनायक भवन परिसर में एक पौधा भी लगाया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यस्थल की स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरणीय स्थिरता के महत्व को भी रेखांकित किया। पौधरोपण कार्यक्रम का समन्वय नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के साथ किया गया।

कार्यक्रम का समापन विभाग के सम्मेलन कक्ष में डीओपीपीडब्ल्यू के अधिकारियों , कर्मचारियों और पत्रकारों के साथ संवाद के साथ हुआ। मंत्री ने अभियान में कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की और विभाग से पूरे वर्ष स्वच्छता संबंधी पहलों को जारी रखने का आग्रह किया।

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News