- विधानसभा अध्यक्ष ने नवमी पर अजमेर शहर एवं आसपास स्थित नौ देवी मंदिरों में किए दर्शन-पूजन
- प्रदेश एवं शहरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की
जयपुर, 19 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर नवमी के दिन विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को अजमेर शहर एवं आसपास स्थित नौ देवी मंदिरों में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेश एवं शहरवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की। इस अवसर पर उन्होंने देश के युवाओं में सृजनात्मक शक्ति का विकास होने, उन्हें अराजकता से दूर रहकर राष्ट्र की उन्नति एवं समृद्धि में योगदान देने की प्रेरणा मिलने तथा संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान की भावना निरंतर सुदृढ़ होने की कामना की।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने वरुण सागर रोड स्थित चामुंडा माता मंदिर, पुष्कर रोड स्थित नौसर माता मंदिर, भक्ति धाम स्थित माताजी मंदिर, नगीना बाग स्थित जत्तोई दरबार, बजरंगगढ़ स्थित अंबे माता मंदिर, चांद बावड़ी स्थित काली माता मंदिर, रामगंज स्थित काली माता मंदिर, आनासागर पुलिस चौकी के सामने स्थित चामुंडा माताजी मंदिर तथा वरुण सागर रोड स्थित काली माता मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में शीश नवाया तथा जनकल्याण की प्रार्थना की।
