- तीन चीजों पर गौर किया जाना चाहिएः हमारे शहरों की योजना बनाने और उन्हें संचालित करने की प्रणालियां, जमीनी स्तर पर लागू किए जाने वाले समाधान तथा नागरिकों को सेवाओं के वितरण के तौरतरीके - केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू
- समृद्ध ओडिशा और विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण से निर्देशित होकर ओडिशा नियोजित शहरीकरण, आधुनिक अवसंरचना और संवहनीय गतिशीलता के एक नए युग की ओर बढ़ रहा है- श्री मोहन चरण मांझी
- सात विषय क्षेत्रों पर केंद्रित रहीं पहले दिन की चर्चाएं
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने ओडिशा के भुवनेश्वर में दूसरे राष्ट्रीय शहरी सम्मेलन का उद्घाटन किया। 24 और 25 अक्टूबर 2026 को होने वाले इस सम्मेलन का आयोजन आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने ओडिशा सरकार के सहयोग से किया है। राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान (एनआईयूए) इसका ज्ञान भागीदार है। हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) और नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी) इस सम्मेलन के मुख्य प्रायोजक हैं।
इस सम्मेलन की थीम ‘शहर उत्थान- शहरी प्रणालियों, समाधानों और वितरण पर पुनर्विचार’ है। इसमें भाग लेने वाले 1200 से अधिक प्रतिभागियों में शहरी विकास मंत्री, महापौर तथा शहरी स्थानीय निकायों, शहरी विकास प्राधिकरणों, अकादमिक जगत, उद्योग जगत, सिविल सोसाइटी और व्यापक शहरी विकास पारिस्थितिकी तंत्र के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह सम्मेलन उन प्रणालियों, संस्थानों और कार्यान्वयन तंत्रों की नए सिरे से कल्पना करने पर केंद्रित है जो शहरों के कामकाज के तौरतरीकों को आकार देते हैं।
