नई दिल्ली, 8 नवंबर। देशभर में आज रविवार को दीपों का महापर्व दीपावली श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही घरों, मंदिरों और बाजारों में उत्सव का माहौल है। शाम होते ही दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से घर-आंगन जगमगा उठेंगे। श्रद्धालु मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करेंगे।
कार्तिक अमावस्या के अवसर पर मनाया जाने वाला दीपावली का पर्व भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रमुख उत्सव है। यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का संदेश देता है। दीपावली के अवसर पर लोग अपने घरों की साफ-सफाई कर उन्हें फूलों, रंगोली, दीपों और आकर्षक रोशनी से सजाते हैं। परिवार के सदस्य नए वस्त्र पहनकर एक-दूसरे को मिठाइयां बांटते हैं और दीपावली की शुभकामनाएं देते हैं।

भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है पर्व
