Skip to content
BREAKING

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने विशेष अभियान 6 के तहत उल्लेखनीय प्रगति की है, 3.42 लाख वर्ग फुट से अधिक स्थान खाली कराया और स्क्रैप के निपटान से 49.46…

Updated:

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसई) और अन्य संगठनों के साथ मिलकर विशेष अभियान 6 का सक्रिय रूप से कार्यान्वयन कर रहा है। इस अभियान का मुख्य केंद्रबिंदु स्वच्छता, रिकॉर्ड का कुशल प्रबंधन, कबाड़ (स्क्रैप) और ई-कचरे (ई-वेस्ट) का निपटान तथ

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने विशेष अभियान 6 के तहत उल्लेखनीय प्रगति की है, 3.42 लाख वर्ग फुट से अधिक स्थान खाली कराया और स्क्रैप के निपटान से 49.46 करोड़ रुपए अर्जित किए
— पत्र सूचना कार्यालय (PIB), भारत सरकार

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, अपने केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसई) और अन्य संगठनों के साथ मिलकर विशेष अभियान 6 का सक्रिय रूप से कार्यान्वयन कर रहा है। इस अभियान का मुख्य केंद्रबिंदु स्वच्छता, रिकॉर्ड का कुशल प्रबंधन, कबाड़ (स्क्रैप) और ई-कचरे (ई-वेस्ट) का निपटान तथा कार्यालय के स्थान का बेहतर उपयोग करना है।

विशेष अभियान 6 के तहत, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय तथा इसके तेल और गैस क्षेत्र के सीपीएसई ने स्वच्छता को बढ़ावा देने और कार्यालय के स्थान का बेहतर उपयोग करने में उल्लेखनीय प्रगति की है। अभियान के लिए तैयार किए गए सीपीएसई-वार प्रगति के आंकड़ों के अनुसार, 3.42 लाख वर्ग फुट जगह खाली कराई गई है। यह पिछले वर्ष की उपलब्धि (3.03 लाख वर्ग फुट) की तुलना में 13.20% अधिक है।

इस अभियान के अंतर्गत स्क्रैप और ई-वेस्ट के निपटान से 49.46 करोड़ रुपए की आय हुई है, जो 41 करोड़ रुपए के लक्ष्य की तुलना में 120.63% है। ये उपलब्धियां स्वच्छता को एक स्थायी कार्यप्रणाली बनाने, स्क्रैप और ई-वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निपटान करने तथा तेल और गैस क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

मंत्रालय लगातार इस अभियान की प्रगति की निगरानी कर रहा है। इसके साथ ही, इसने अपने सभी संगठनों को प्रोत्साहित किया है कि वे निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के अपने प्रयासों को और तेज करें, ई-वेस्ट का जिम्मेदारी से निपटान सुनिश्चित करें और कार्यालयों तथा अन्य परिसरों में स्वच्छता बनाए रखें।

विशेष अभियान 6 से तेल और गैस क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी, रिकॉर्ड के कुशल प्रबंधन और बेहतर प्रशासनिक कामकाज के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता और सुदृढ़ हुई है।

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News