कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी और कोयला मंत्रालय के अधीन आने वाली ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के प्रति भारतीय नौसेना की अटूट वचनबद्धता के सम्मान में शुक्रवार को 1 बंगाल एनसीसी नौसेना इकाई, ग्रुप मुख्यालय एनसीसी कोलकाता ‘सी’ को युद्धपोत का एक विशेष मॉडल भेंट किया। कोयला खनन मशीनों के बेकार पुर्जों से बना यह मॉडल, कोयला खनिकों एवं नौसेना कर्मियों के बीच सेवा, समर्पण और राष्ट्र-निर्माण की उस साझा भावना का प्रतीक है, जो उन्हें एक-दूसरे से जोड़ती है।
ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. सतीश झा के मार्गदर्शन में तैयार किया गया यह मॉडल कंपनी में चलाए जा रहे ‘विशेष अभियान 6’ के तहत ‘कचरे से कंचन’ पहल का हिस्सा है। इसे ईसीएल की नियामतपुर केंद्रीय कार्यशाला में बेहद बारीकी से डिजाइन और तैयार किया गया है। यह कलाकृति ईसीएल के कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता और कारीगरी को दर्शाती है। इसके माध्यम से औद्योगिक कबाड़ को राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक में बदलने के साथ-साथ संसाधनों के पुनः उपयोग और पर्यावरणीय स्थिरता को भी बढ़ावा दिया गया है।
ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, कार्यात्मक निदेशकों और पूरे ईसीएल परिवार की ओर से कंपनी के सुरक्षा प्रमुख मेजर एस. तिवारी ने नियामतपुर केंद्रीय कार्यशाला की प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री निश्चल सोनी के साथ भारतीय नौसेना के कमोडोर सीजर बसु तथा कमांडर संजीव सरन को यह मॉडल भेंट किया। यह प्रतिकृति राष्ट्र की सेवा में सशस्त्र बलों के समर्पण और योगदान के लिए आभार व्यक्त करने के प्रतीक के रूप में दी गई।
