- डॉ. जितेंद्र सिंह ने आईआईपीए के अध्यक्ष के रूप में की बैठक की अध्यक्षता की
- कार्यकारी परिषद ने ‘वन नेशन, वन सब्सक्रिप्शन’ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया, शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए पुरस्कारों की घोषणा
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय तथा अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) की कार्यकारी परिषद की 328वीं बैठक की अध्यक्षता की।
परिषद के अध्यक्ष के रूप में डॉ. जितेंद्र सिंह ने आईआईपीए के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विश्वविद्यालयों और अस्पतालों के प्रशासकों के साथ-साथ विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कर्मियों के लिए शासन और प्रशासन के क्षेत्र में भी क्षमता निर्माण पर अधिक ध्यान देने को कहा।
