जयपुर। राजस्थान में वर्ष 2026 की पहली छमाही पर्यटन के लिहाज से बेहद उत्साहजनक रही है। जनवरी से जून के बीच प्रदेश में 10 करोड़ 92 लाख 4 हजार 101 पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं। इनमें 10 करोड़ 83 लाख 59 हजार 405 घरेलू और 8 लाख 44 हजार 696 विदेशी पर्यटक यात्राएं शामिल हैं। आंकड़े बताते हैं कि राजस्थान के पर्यटन कारोबार की सबसे बड़ी ताकत घरेलू सैलानी बने हुए हैं।
विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद जयपुर
विदेशी पर्यटकों के मामले में राजधानी जयपुर सबसे आगे रही। जनवरी से जून के दौरान जयपुर में 2,56,293 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। इसके बाद उदयपुर में 1,84,045, जोधपुर में 82,846 और जैसलमेर में 66,433 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं।
