बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड 75 का मुकाबला अब नए राजनीतिक रंग लेता दिखाई दे रहा है। चैत्र प्रतिपदा हिंदू धर्मयात्रा के संयोजक रहे गणेश बोथरा ने वार्ड 75 में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में खुलकर मतदान की अपील की है। बोथरा की इस अपील के बाद स्थानीय भाजपा खेमे में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि बीकानेर में चैत्र प्रतिपदा हिंदू धर्मयात्रा का आयोजन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मार्गदर्शन में होता रहा है। ऐसे में धर्मयात्रा के संयोजक की भूमिका निभा चुके बोथरा का कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सामने आना चुनावी दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रांका को टिकट नहीं मिलने के बाद बदले समीकरण
गणेश बोथरा को पूर्व नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका के करीबी लोगों में माना जाता है। वार्ड 75 से रांका को भाजपा का टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थक खेमे में नाराजगी की चर्चाएं सामने आई थीं। इसी बीच बोथरा का कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में खुलकर सामने आना भाजपा के लिए नई चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

