बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के महापौर प्रत्याशी एवं वार्ड संख्या 13 से नवनिर्वाचित पार्षद डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने आज बीकानेर नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के बाद पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ बीड़ी कल्ला पर वंशवाद की बेल हरी करने और अल्पसंख्यक, दलित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ छल करने का आरोप लगाया है। डॉ. शेखावत ने 21 सितम्बर को मतदान के दौरान अपनी अंतरात्मा की आवाज वोट देने की अपील करते हुए ,उन्हें विजय बनाने की अपील है।
डॉ. शेखावत ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 1980 से बीकानेर कांग्रेस में एक ही परिवार के प्रभाव में अनेक महत्वपूर्ण पद रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लगातार समर्थन देने वाले अल्पसंख्यक, दलित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को राजनीतिक एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलने का सवाल आज भी बना हुआ है।
