काठमांडू। नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद नेपाल में राहत और बचाव अभियान के साथ अंतरराष्ट्रीय मदद भी तेज हो गई है। भीषण प्राकृतिक आपदा से प्रभावित नेपाल की सहायता के लिए भारत, चीन, अमेरिका और विश्व बैंक आगे आए हैं। नेपाल सरकार के वित्त मंत्रालय के अनुसार, विश्व बैंक ने राहत, बचाव और पुनर्निर्माण के लिए 25 अरब नेपाली रुपए तक की आपात सहायता जुटाने की पेशकश की है।
भारत ने सबसे पहले भेजी राहत सामग्री
आपदा के बाद भारत ने तत्काल मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की पहल की। भारत की ओर से नेपाल को राहत सामग्री भेजी गई है, जिसमें आवश्यक दवाइयां और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं। भारत ने नेपाल सरकार से उन राहत सामग्रियों की सूची भी मांगी है, जिनकी तत्काल जरूरत है।
