- रेल मंत्री एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने सतना–देवेंद्रनगर एवं रीवा–चुरहट रेलखंडों का किया शुभारंभ
- हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई देवेंद्रनगर–चुरहट नई यात्री रेल सेवा; स्थानिक विद्यार्थियों, मरीजों व दैनिक यात्रियों के लिए बनेगी जीवनरेखा
- खनिज संपदा से समृद्ध विंध्य क्षेत्र देश के अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं परिवहन केंद्रों से जुड़ा, इलाके की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल
मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई। माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव एवं मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ . मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में सतना - देवेंद्रनगर एवं रीवा - चुरहट नई रेल लाइनों का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर देवेंद्रनगर - चुरहट नई यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
चुरहट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल , रीवा के सांसद श्री जनार्दन मिश्रा , सीधी के सांसद श्री राजेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नागौद रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन की राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी , सतना के सांसद श्री गणेश सिंह , खजुराहो के सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
