युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अंतर्गत 'एमवाई भारत' राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 100 सप्ताह संकल्प अभियान' के छठे सप्ताह के हिस्से के रूप में 'ग्राम सेवा एवं परंपरागत खेल दिवस' का आयोजन किया। इससे अभियान को शैक्षणिक संस्थानों से आगे बढ़ाकर ग्रामीण समुदायों तक पहुंचाया जा रहा है।
एनएसएस निदेशालय और 15 एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालयों द्वारा कार्यान्वित इस पहल को 160 से अधिक संस्थानों और उनके द्वारा गोद लिए गए गांवों में चलाया गया। इसमें युवाओं, ग्राम पंचायत सदस्यों, ग्रामीण बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों सहित 80,000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। इन गतिविधियों का आयोजन दूसरे माह के विषय 'स्वस्थ युवा, नशामुक्त युवा (शक्ति एवं सेवा)' के तहत किया गया जिसमें नशामुक्त समाज को बढ़ावा देने में शारीरिक फिटनेस, सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के बारे में बताया गया।
एनएसएस इकाइयों ने पारंपरिक खेल गतिविधियों के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी और कुश्ती जैसे स्थानीय टूर्नामेंट आयोजित किए। इन गतिविधियों में 21,500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिससे ग्रामीण युवाओं में स्वस्थ मनोरंजन, टीम वर्क और सकारात्मक भागीदारी को बढ़ावा मिला।
