बीकानेर, 14 अगस्त। शिक्षा मंत्री श्री मदन दिलावर ने गुरुवार को राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह के दौरान निर्विकल्प फाउण्डेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित निःशुल्क कॅरियर वैन कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को उनके कॅरियर के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप सही दिशा का चयन कर सकें तथा उनका भविष्य बेहतर बन सके।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक कॅरियर संबंधी जानकारी पहुंचाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि निर्विकल्प फाउण्डेशन और बीकाजी द्वारा संचालित यह अभियान युवाओं के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों और उच्च शिक्षा के विकल्पों की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ऐसे सभी प्रयासों के लिए सदैव सहयोग और समर्थन प्रदान करेगा, जो युवाओं के हितों से जुड़े हों।
बीकानेर पश्चिम विधायक श्री जेठानंद व्यास ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी धरोहर हैं। यदि युवा सक्षम, शिक्षित और आत्मविश्वासी होंगे तो देश का भविष्य स्वतः सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि कॅरियर मार्गदर्शन की कमी के कारण अनेक प्रतिभाएं उचित दिशा नहीं प्राप्त कर पातीं, ऐसे में यह कॅरियर वैन विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगी। उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए निर्विकल्प फाउण्डेशन और बीकाजी की सराहना की।
निर्विकल्प फाउण्डेशन के डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कॅरियर वैन के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और रोजगार संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कार्यक्रम की भावी रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आगामी समय में अधिकाधिक विद्यालयों और विद्यार्थियों तक इस पहल का विस्तार किया जाएगा।
समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री ने कॅरियर वैन का अवलोकन किया तथा उसमें उपलब्ध संसाधनों और विद्यार्थियों को दी जा रही जानकारी की सराहना की। उन्होंने इसे शिक्षा और कॅरियर मार्गदर्शन के क्षेत्र में एक उपयोगी एवं प्रभावी प्रयास बताया।
कार्यक्रम के अंत में श्री कन्हैया लाल बोथरा ने सभी अतिथियों, शिक्षाविदों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक डॉ. सुनीता चावला, स्टाफ ऑफिसर डॉ. अशोक शर्मा, उपनिदेशक डॉ. महेंद्र शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अरुण शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री किशनदान चारण, निर्विकल्प फाउण्डेशन के श्री विनोद बाफना, श्री सोहनलाल बैद, किशन मोदी, राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र पुरोहित, डॉ. शिशिर शर्मा, डॉ. अमित व्यास, श्री अनुज मित्तल सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।