Bikaner News : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मेघासर सभा को भव्य बनाने में जुटे है विधायक भाटी

कोलायत, दियातरा, भाणे का गांव, गड़ियाला, बज्जू सहित कई गावों का किया दौरा

कोलायत, 12 अगस्त। श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मेघासर में 14 अगस्त को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित आगमन और विशाल आमसभा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बुधवार को पंचायत समिति कोलायत, दियातरा, भाणे का गांव, गड़ियाला, बज्जू स्थित विधायक जनसुनवाई केंद्र सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए।

विधायक भाटी ने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री के मेघासर आगमन को लेकर अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक गांव एवं कस्बे से बसों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को मेघासर लाने तथा कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

मेघोजी उपाध्याय की अश्वारूढ़ प्रतिमा का होगा अनावरण

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में ग्राम मेघासर के संस्थापक एवं पूजनीय मेघोजी उपाध्याय की भव्य अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की गौरवशाली विरासत, पूर्वजों के त्याग, संस्कारों और इतिहास को नमन करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र की धरती पर आगमन क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के गांवों और कस्बों में उत्साह का माहौल है।

कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क की अपील

भाटी ने कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में आमजन से संपर्क कर कार्यक्रम की जानकारी देने और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत में श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से आत्मीयता, उत्साह और अनुशासन के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि “इतिहास का गौरव, मेघासर का अभिमान” की भावना के साथ 14 अगस्त को क्षेत्रवासी एक ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होने वाली विशाल आमसभा आयोजन को और विशेष बनाएगी।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि श्रीकोलायत की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और इतिहास से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने और मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत करने की अपील की।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों के दौरान रामप्रताप चेयरमैन, कृषि मंडी अध्यक्ष मदन सिंह भाटी, रामजस भादू, मंडल अध्यक्ष बज्जू सुभाष ज्यानी, खेत सिंह राठौड़, श्रीराम धायल, मनोहर भादू, सुजान सिंह सोढ़ा, धर्मु बन्ना, बालूराम, मांगीलाल नाई, जीवन राम कड़वासरा, खिंव सिंह भाटी, हाजी कायम खां, देवीलाल चौधरी, पुष्पेंद्र सिंह भाटी, पुन्नू खां सरपंच राववाला, गोर्वधन खीचड़, करनी सिंह चारणवाला, सुनील गोदारा, शायर सिंह बांगड़सर, अजमल खां, ताज मोहम्मद, जय सिंह हाड़ला, प्रभात सिंह हाड़ला, गोपाल शर्मा, कर्णाराम गर्ग, देवीलाल भाम्भू, किशन सिंह नंदड़ा, भंवर उपाध्याय, रामेश्वर जाजड़ा, करणी सिंह, महेंद्र सिंह भाटी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि “मेघासर का अभिमान और श्रीकोलायत का गौरव—14 अगस्त का यह ऐतिहासिक अवसर हम सभी का है।” उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में सहभागिता कर इसे भव्य और सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *