जयपुर, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने पर केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-954 (साधुवाली-बनवाला) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-54 (बनवाला-हनुमानगढ़) को 4-लेन में अपग्रेड करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 2,386.08 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने इस दूरगामी परियोजना की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार राजस्थान के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और आमजन के जीवन को आसान बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सड़कों का यह सुदृढ़ नेटवर्क सीमावर्ती क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
इस परियोजना से श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के मध्य आवागमन अधिक सुगम, तीव्र और सुरक्षित बनेगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से लालगढ़ जट्टन और पक्का सहराना जैसे व्यस्त क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। ऐतिहासिक भटनेर किला एवं विश्व प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल कालीबंगा म्यूजियम जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे स्थानीय पर्यटन उद्योग और व्यापार को नया बल मिलेगा। सुदृढ़ सड़क नेटवर्क से क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स, कृषि परिवहन और व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिलेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।