- मैराथन की सभी श्रेणियों में हज़ारों प्रतिभागियों ने की शिरकत, युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी दिखाया जोश
- प्रतिभागियों को दिलाई नशामुक्ति और मतदान की शपथ
श्रीगंगानगर, 25 अक्टूबर। श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को फिट गंगानगर सोसायटी श्रीगंगानगर की ओर से आयोजित ‘गंगानगर मैराथन 2026’ में नशामुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य के लिए हज़ारों प्रतिभागी उत्साह से दौड़े। मैराथन की 21, 10, 5 किलोमीटर सहित सभी श्रेणियों में हज़ारों प्रतिभागियों ने शिरकत कर स्थापना दिवस को यादगार बना दिया। दौड़ में युवाओं के साथ बुजुर्गों का जोश देखने लायक रहा। आमजन और जिला प्रशासन की सहभागिता के अलावा स्पॉन्सर्स के सहयोग से आयोजन ऐतिहासिक बन पड़ा।
पुलिस लाइन श्रीगंगानगर में अलसुबह पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में दौड़ने के लिए रिपोर्टिंग की। संगीत और अभ्यास के बीच सभी प्रतिभागियों को वार्मअप करवाया गया। इसके बाद पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट चंडीगढ़ के माननीय न्यायाधिपति श्री हरमीत सिंह देओल, मेजर जनरल श्री अनुज कालिया (वीएसएम जीओसी), आईजी बीकानेर श्री ओमप्रकाश, जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, हनुमानगढ़ जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर, जिला परिषद सीईओ श्री अभिषेक जैन सहित अन्य ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
