- आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ करें सख्त कार्रवाई
- खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर जोर
जयपुर, 27 अक्टूबर। प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ ने दीपावली के त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रदेश में ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कार्रवाई पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो तथा किसी भी प्रकार के दबाव या दुर्भावना में कार्रवाई नहीं की जाए।
श्रीमती राठौड़ ने मंगलवार को स्वास्थ्य भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश की चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के दौरान विनिर्माण इकाइयों पर विशेष ध्यान देने के साथ उन बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी फोकस करने के निर्देश दिए, जहां से आमजन खाद्य सामग्री खरीदते हैं।
