- राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के अंतर्गत भवन निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की
- उद्यम-एकेडमिक समन्वय करते हुए राज्य के विश्वविद्यालयों को उत्कृष्टता के केंद्र बनाए-राज्यपाल
जयपुर , 30 अक्टूबर। राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों में शोध और नवाचारों को बढ़ावा देते हुए उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार कोर्स विकसित करते हुए राज्य के विश्वविद्यालयों को उत्कृष्टता के केंद्र बनाए जाने का आह्वान किया है। उन्होंने विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं को पाठ्यपुस्तकों के अलावा विषय विशेषज्ञों के ऑनलाइन व्याख्यान करवाने और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों के क्रियान्वयन की भी आवश्यकता जताई।
श्री बागडे शुक्रवार को लोकभवन में प्रदेश के वित्तपोषित विश्वविद्यालयों की विशेष समीक्षा बैठक में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के अंतर्गत भवन निर्माण और मरम्मत कार्यों को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करवाना सुनिश्चित किए जाने के भी विशेष रूप से बैठक में निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों की समीक्षा करने और सम्बद्ध अधिकारियों को कार्यों का मौके पर नियमित भौतिक निरीक्षण किए जाने की भी हिदायत दी। उन्होंने राज्य वित्त पोषित विश्वविद्यालयों को इस संबंध में प्रदत अनुदान राशि का समुचित उपयोग किए जाने के साथ ही इससे जुड़ी कार्य एजेंसियों के कार्य का प्रमाणन गुणवता के आधार पर किए जाने पर भी जोर दिया।
