- 'विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025' आधिकारिक तौर पर 2,87,967 परियोजना प्रविष्टियों के साथ "सबसे बड़ी नवाचार समाधान प्रतियोगिता" के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल हो गया है
- बिल्डाथॉन छात्रों को रचनात्मक रूप से सोचने, समस्याओं की पहचान करने और समाधान विकसित करने के लिए सशक्त बनाता है: श्री जयंत चौधरी
- श्री जयंत चौधरी ने ई-कचरा प्रबंधन के लिए सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया और वयस्क साक्षरता को बढ़ावा देने में 'उल्लास' की भूमिका पर प्रकाश डाला
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी ने आज नई दिल्ली में 'विकसित भारत बिल्डाथॉन (वीबीबी) 2025' की राष्ट्रीय स्तर की 10 विजेता टीमों और नवोन्मेषकों को सम्मानित किया। वीबीबी 2025 को "सबसे बड़ी नवाचार समाधान प्रतियोगिता" के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया, जो भारत में स्कूली शिक्षा और जमीनी स्तर के नवाचार के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। कार्यक्रम के दौरान, मंत्री ने 'उल्लास - नव भारत साक्षरता कार्यक्रम' के अंतर्गत 'शिक्षक शिक्षा संस्थानों (टीईआई) के लिए दिशानिर्देश' भी जारी किए। उन्होंने ई-कचरे पर आधारित क्विज़ प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को पुरस्कार भी वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, श्री जयंत चौधरी ने बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नवाचार और स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया, ताकि उन्हें भविष्य के अग्रणी व्यक्तियों के रूप में तैयार किया जा सके। 'बिल्डाथॉन' पहल का जिक्र करते हुए, उन्होंने बताया कि इसमें छात्रों को बिना किसी पहले से तय समस्या या समाधान के, खुद से समस्याओं की पहचान करने और उनके समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने पूरे देश से लाखों छात्रों की भागीदारी की सराहना की और उन्हें मार्गदर्शन देने में शिक्षकों की भूमिका को भी रेखांकित किया।
