श्रीगंगानगर, 21 नवम्बर। राष्ट्रीय स्तर पर 5वां कौशल दीक्षांत समारोह देश की सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) में आयोजित किया गया। लखनऊ, उत्तर प्रदेश में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
श्रीगंगानगर में राजकीय आईटीआई में आयोजित कार्यक्रम में आईएमसी चेयरमैन श्री राम सिंह कड़वासरा, संस्थान के डिप्टी डायरेक्टर श्री सुशील कुमार जांदू और निक श्रीगंगानगर से श्री परमजीत सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान संस्थान के विभिन्न ट्रेड में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे प्रशिक्षणार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। लखनऊ से प्रसारित कार्यक्रम को संस्थान की कोपा लैब में दिखाया गया।
लखनऊ में हुआ मुख्य कार्यक्रम
लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। आयोजन में देश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों से करीब 1200 प्रशिक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
- राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले 52 प्रशिक्षार्थियों में 37 शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (सीटीएस) और 15 शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (सीआईटीएस) के हैं।
- उत्तर प्रदेश के छह टापर्स में तीन सीटीएस और तीन सीआईटीएस के प्रशिक्षार्थी शामिल हैं।
