जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों और जिला परिषद के वार्डों में 14 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से मतदान दल रवाना हो गए। अंतिम प्रशिक्षण के बाद ये दल ईवीएम और आवश्यक निर्वाचन सामग्री लेकर अपने निर्धारित केंद्रों के लिए निकले।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जाए। उन्होंने मतदाताओं और दलों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा जैसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चार पंचायत समितियों में होगा मतदान
इन चारों पंचायत समितियों की कुल 140 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी, जिसमें बस्सी की 42, तूंगा की 24, जमवारामगढ़ की 42 और आंधी की 32 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
