चूरू, 16 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के अंतर्गत सोमवार को जिले की छह पंचायत समितियों — सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), रतनगढ़, चूरू एवं चूरू उत्तर — की 231 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है।
प्रातः 7 बजे मतदान प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही मतदाताओं का मतदान केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया और रामसरा, खासोली, ऊंटवालिया, सेहला, बूंटिया, ढाढर सहित जिलेभर के मतदान केंद्रों पर कतारें लग गईं।
महिलाओं एवं युवाओं में मतदान को लेकर विशेष उत्साह
गांव रामसरा में महिला मतदाताओं ने परिचय पत्र दिखाकर व्यवस्थित ढंग से मतदान किया। छोटे बच्चों को साथ लेकर आई माताएं भी अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने से नहीं चूकीं। गांव खासोली में पहली बार मतदान करने वाली युवा मतदाता दिव्या चौधरी ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
