जयपुर, 21 जुलाई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को राजस्थान कांग्रेस ने प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन और धरना आयोजित किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
राजधानी जयपुर के अंबेडकर सर्किल पर कांग्रेस का सबसे बड़ा प्रदर्शन आयोजित हुआ। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारे लगाए।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने अंबेडकर सर्किल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी।