जयपुर। राजस्थान में बारिश की कमी, भूजल स्तर में गिरावट और फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 जिलों की 80 तहसीलों को गंभीर एवं मध्यम सूखाग्रस्त घोषित किया है। आपदा प्रबंधन एवं राहत विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। सूखे की स्थिति के वैज्ञानिक आकलन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
जोधपुर की 12 और जालोर की 10 तहसीलें शामिल
जारी जानकारी के अनुसार, सूखाग्रस्त घोषित तहसीलों में जोधपुर जिले की 12, जालोर और बाड़मेर की 10-10, बालोतरा की 9, पाली की 8, जैसलमेर, फलोदी और डूंगरपुर की 7-7 तहसीलें शामिल हैं। इसके अलावा बांसवाड़ा की 3, ब्यावर, चूरू और बीकानेर की 2-2 तथा नागौर और सिरोही की एक-एक तहसील को सूची में शामिल किया गया है।
