जयपुर, 22 नवम्बर। प्रवासी राजस्थानी दिवस के उपलक्ष्य में 8 से 10 दिसंबर तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशेष आयोजनों की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने रविवार को शासन सचिवालय में बैठक ली। उन्होंने आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इनके सुव्यवस्थित आयोजन तथा राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और निवेश की संभावनाओं को लेकर चर्चा की।
तीन दिवसीय आयोजनों में शेखावाटी हेरिटेज, सांस्कृतिक संध्या और प्रवासी राजस्थानी दिवस प्रमुख आकर्षण होंगे। यह कार्यक्रम भारतीय उद्योग संघ (सीआईआई) के सहयोग से आयोजित किया जायेगा। इन आयोजनों के माध्यम से राजस्थान को वैश्विक निवेश, औद्योगिक साझेदारी, पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय संपर्क के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
तीन दिवसीय आयोजनों की शुरुआत 8 दिसंबर को झुंझुनूं जिले के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में आयोजित होने वाले शेखावाटी हेरिटेज कार्यक्रम से होगी। इसके माध्यम से शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियों, विशिष्ट स्थापत्य कला, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की अपार संभावनाओं को वैश्विक पहचान दिलाने पर विशेष जोर रहेगा। यह पहल क्षेत्र की विरासत को पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।