बीकानेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत बीकानेर जिला परिषद एवं पंचायत समितियों में चुनाव प्रचार को प्रभावी बनाने के लिए जिला स्तरीय कैम्पेन कमेटी का गठन किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) के अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया।
गठित कमेटी में जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिला प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों तथा संगठन के पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। कमेटी का उद्देश्य पंचायत चुनावों में पार्टी के प्रचार अभियान को गति देना, संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी माहौल तैयार करना है।
