मुख्य सामग्री पर जाएं
ब्रेकिंग

महंगाई से राहत के लिए अन्नपूर्णा राशन किट योजना फिर शुरू करे सरकार : अशोक गहलोत

लेखक Piyush purohit

अपडेट:

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत देने के…

शेयर करें
महंगाई से राहत के लिए अन्नपूर्णा राशन किट योजना फिर शुरू करे सरकार : अशोक गहलोत

मुख्य बातें

  1. ‘राजनीतिक प्रतिशोध छोड़कर जनता को राहत दे सरकार’
  2. ‘आम आदमी की थाली पर डाका’-गहलोत
  3. महंगाई लगातार आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ रही है

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को राहत देने के लिए अन्नपूर्णा राशन किट योजना को दोबारा शुरू करने की मांग की है। गहलोत ने कहा कि महंगाई लगातार आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ रही है और सरकार को तत्काल राहत के कदम उठाने चाहिए।

गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आम आदमी की थाली से रोजमर्रा की कई जरूरी वस्तुएं दूर होती जा रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में आम आदमी से चीनी और गुड़ की मिठास तथा प्याज का तीखापन दोनों छिन गए हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे दिन और महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज रसोई का सामान आम आदमी की पहुंच से बाहर होता जा रहा है।

‘आम आदमी की थाली पर डाका’

पूर्व मुख्यमंत्री ने महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह केवल कीमतों में बढ़ोतरी का मामला नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने इसे आम आदमी की थाली पर सुनियोजित डाका करार दिया।

गहलोत ने आशंका जताई कि मौजूदा महंगाई आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में मानसून की स्थिति कमजोर रहने से खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर दबाव बढ़ने की आशंका है। ऐसे में सरकार को अभी से प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि गरीब और कम आय वाले परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

कांग्रेस सरकार की योजना फिर लागू करने की मांग

गहलोत ने भाजपा सरकार से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में संचालित अन्नपूर्णा राशन किट योजना को पुनः शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को रोजमर्रा के इस्तेमाल की कई आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती थी।

उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा राशन किट में दाल, नमक, चीनी, खाद्य तेल, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और हल्दी पाउडर जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। इस तरह की सहायता से कम आय वाले परिवारों को घरेलू बजट संभालने में मदद मिलती थी।

‘राजनीतिक प्रतिशोध छोड़कर जनता को राहत दे सरकार’

गहलोत ने भाजपा सरकार से आग्रह किया कि वह राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से ऊपर उठकर जनहित में फैसला करे। उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर गरीब, मजदूर, निम्न आय वर्ग और मध्यम वर्ग पर पड़ता है। ऐसे परिवारों के लिए राशन किट जैसी योजनाएं तत्काल राहत देने का काम कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के साथ-साथ उन परिवारों को सीधे सहायता देने की दिशा में भी कदम उठाने चाहिए, जिनकी आय सीमित है और जिनके घरेलू बजट का बड़ा हिस्सा भोजन एवं आवश्यक वस्तुओं पर खर्च होता है।

शेयर करें

टिप्पणियां

0 / 1200

टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।

संबंधित खबरें