जयपुर, 2 सितंबर। राजस्थान सचिवालय अधिकारी संघ के अध्यक्ष पद पर दूसरी बार निर्वाचित होने के बाद अभिमन्यु शर्मा का बुधवार को सचिवालय कर्मचारियों की ओर से कर्मचारी कैंटीन के सामने स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने शर्मा का माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा चुनाव में मिली जीत पर बधाई दी।
स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा ने अपनी जीत की रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि “चुनाव हमेशा जीत के लिए लड़ना चाहिए। मैंने भी जीत के लिए चुनाव लड़ा और सभी साथियों के सहयोग एवं विश्वास से जीत हासिल की।” उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी थे, जो उन्हें चुनाव हराने के लिए पूरी तरह सक्रिय थे, लेकिन कर्मचारियों के सहयोग के चलते उनके प्रयास सफल नहीं हो सके।

शर्मा ने कहा कि चुनाव में मिली जीत उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि सचिवालय के कर्मचारी साथियों के विश्वास और एकजुटता की जीत है। उन्होंने कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने का भरोसा दिलाया।

