जयपुर, 21 अक्टूबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांव, गरीब और किसान के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार किसानों को आर्थिक सहायता, ब्याजमुक्त फसली ऋण, प्राकृतिक आपदाओं में राहत और कृषि निवेश के अवसर उपलब्ध करवाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव केवल जनप्रतिनिधियों के चयन का माध्यम नहीं, बल्कि गांवों के विकास, किसानों की खुशहाली और ग्रामीण राजस्थान के भविष्य को नई दिशा देने का अवसर हैं।
राठौड़ ने दावा किया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 76.18 लाख किसानों को 14,405 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई है। वहीं, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छह किश्तों के माध्यम से 65 लाख से अधिक किसानों को 3,387 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पात्र किसानों को मिलने वाली वार्षिक सहायता 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर चुकी है और इसे बढ़ाकर 6,000 रुपये करने का लक्ष्य है।
