जयपुर। दिल्ली में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रैली में राजस्थान से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश संगठन ने जिम्मेदारियां तय करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
इस संबंध में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी पदाधिकारियों और प्रदेश टीम के सदस्यों के साथ बैठक कर महारैली की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में रैली में कार्यकर्ताओं की भागीदारी, विभिन्न जिलों से लोगों को दिल्ली ले जाने की व्यवस्था और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। प्रदेश स्तर पर तैयारियों को समन्वित करने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए।
