जयपुर, 14 अगस्त। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के 16 अगस्त को प्रस्तावित निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) एवं अलवर दौरे की तैयारियों की मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में समीक्षा की। उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन को कार्यक्रमों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभा स्थल, मंच, पार्किंग, हेलीपैड, सुरक्षा, चिकित्सा, विद्युत एवं सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाना प्रस्तावित है। साथ ही चित्तौड़गढ़ एवं अलवर जिलों के कुल 1,877 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी होगा।
मुख्य सचिव ने ‘जल अर्पण’ को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह जल जीवन मिशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। इसके तहत प्रदेश के 2,500 गांवों की 1,212 पूर्ण योजनाओं का शुभार्पण प्रस्तावित है। उन्होंने सभी जिलों में व्यापक भागीदारी और विशेष रूप से भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, टोंक एवं पूर्वी राजस्थान के जिलों में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।