बीकानेर। शहर में आधुनिक घरेलू ऊर्जा सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) परियोजना का शुभारंभ गुरुवार को रथखाना क्षेत्र से किया गया। परियोजना का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने किया। इस पहल का उद्देश्य घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस पहुंचाकर रसोई में गैस की आपूर्ति को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
बीकानेर में घरेलू पीएनजी परियोजना का शुभारंभ, रथखाना से शुरू हुई पहल
अपडेट:
बीजेपी नेता डॉ. सुरेंद्र सिंह ने किया उद्घाटन, अब पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचेगी प्राकृतिक गैस

पीएनजी परियोजना के तहत पाइपलाइन के जरिए घरों तक प्राकृतिक गैस पहुंचाई जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी का इंतजार, सिलेंडर के भंडारण और उसे बदलने जैसी परेशानियों से राहत मिल सकती है। उपभोक्ता मीटर में दर्ज गैस की खपत के अनुसार भुगतान कर सकेंगे। प्राकृतिक गैस का उपयोग पारंपरिक ठोस ईंधनों की तुलना में स्थानीय वायु प्रदूषण कम करने में भी सहायक हो सकता है।

ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण पहल
इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह ने परियोजना को बीकानेर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि घरेलू पीएनजी परियोजना नागरिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण और शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युद्ध, भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति शृंखलाओं में व्यवधान जैसी चुनौतियों के बीच ऊर्जा सुरक्षा का महत्व बढ़ गया है। ऐसे में ऊर्जा के विविध विकल्पों और मजबूत वितरण नेटवर्क का विकास जरूरी है। पीएनजी जैसी आधुनिक व्यवस्था का विस्तार देश की दीर्घकालीन ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में सहायक हो सकता है।
सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी की झंझट से मिलेगी राहत
गैसोनेट के ग्रुप सीईओ ब्रजेश सिंह ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन का प्रमुख लाभ इसकी सुविधाजनक आपूर्ति व्यवस्था है। पाइपलाइन से सीधे घर तक गैस पहुंचने के कारण उपभोक्ताओं को बार-बार सिलेंडर बुक करने, उसकी डिलीवरी का इंतजार करने और सिलेंडर बदलने की आवश्यकता नहीं रहेगी। मीटर के माध्यम से गैस की खपत दर्ज होगी और उसी के अनुसार भुगतान किया जा सकेगा। इससे घरेलू रसोई व्यवस्था अधिक सुविधाजनक बनेगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह भाटी, गैसोनेट के ग्रुप सीईओ ब्रजेश सिंह, संस्थापक बी.एस. नेगी, बुधाराम सियाग, संस्कार प्रोजेक्ट से नरेंद्र तिवारी, सुरेंद्र सिंह और संदीप तिवारी सहित रथखाना क्षेत्र के महेश केशवानी, सतीश, बाबू, दौलत, धीरज झाम्ब, दुर्गेश सचदेवा, गुलाब चंद, जगदीश खत्री और कांतिलाल खत्री सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बीकानेर में घरेलू पीएनजी परियोजना का विस्तार नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, आधुनिक ऊर्जा अवसंरचना विकसित करने और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
टिप्पणियां
टिप्पणियां प्रकाशन के 30 दिन बाद बंद हो जाती हैं।