राजस्थान हाईकोर्ट ने अभिनेता सनी देओल की फिल्म 'सूर्या-अंत से आरंभ तक' को सिनेमैटोग्राफ एक्ट के तहत प्रमाण पत्र जारी होने से पहले किसी भी मंच पर प्रदर्शित करने पर रोक लगा दी है। अदालत ने मामले में केंद्र सरकार, सेंसर बोर्ड और फिल्म से जुड़े पक्षों को नोटिस जारी कर तीन दिनों में जवाब मांगा है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की राजस्थान यूनिट की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने यह आदेश दिए। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रियांशी कट्टा ने अदालत को बताया कि फिल्म 20 नवंबर को रिलीज होने वाली थी और इसे प्री-रिलीज आधार पर सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया गया है।
याचिका में डॉक्टरों की छवि धूमिल करने का आरोप
याचिका में कहा गया है कि फिल्म में चिकित्सकों की मानहानि की गई है और उनका नकारात्मक चित्रण किया गया है। आरोप है कि इससे चिकित्सकों और मरीजों के बीच विश्वास का रिश्ता प्रभावित हो सकता है, सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हो सकती है और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति हिंसा को बढ़ावा मिलने की आशंका है। आपत्ति जताई गई कि फिल्म में चिकित्सकों को पेशेवर नैतिकता के बजाय कमीशन से प्रेरित दिखाया गया है।
