जयपुर, 27 नवंबर। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने शुक्रवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में राज्य ग्रामीण विकास कॉन्क्लेव 2026-27 का आयोजन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास थे जिन्होंने ग्रामीण विकास को विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए वित्तीय समावेशन, ऋण प्रवाह, महिला सशक्तीकरण एवं विभिन्न संस्थाओं के समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।
मुख्य सचिव के संबोधन की मुख्य बातें
मुख्य सचिव ने जल सुरक्षा, जलवायु अनुकूलन, ग्रामीण संपर्क, नवीकरणीय ऊर्जा एवं कृषि अवसंरचना को ग्रामीण समृद्धि के प्रमुख आधार बताते हुए इनके प्रभावी उपयोग पर बल दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से आर्थिक रूप से व्यावहारिक एवं सफल परियोजनाओं की पहचान कर उन्हें अन्य जिलों में भी अपनाने का आह्वान किया।
- जल सुरक्षा एवं जलवायु अनुकूलन ग्रामीण समृद्धि के प्रमुख आधार हैं।
- पीएम-कुसुम योजना, यमुना जल समझौता, संशोधित पार्वती-कालिसिंध-चम्बल लिंक परियोजना तथा जलागम विकास कार्यक्रमों को राज्य के विकास के महत्वपूर्ण संसाधन बताया।
- राजीविका की सराहना की, ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
