- 35 वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन ,
- युवाओं से नशे से दूर रहने , मोबाइल स्क्रीन टाइम घटाने और परिवार को समय देने का आह्वान
जयपुर , 27 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अजमेर जिले के चन्द्रवरदाई स्टेडियम में आयोजित 35 वीं अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 27 अक्टूबर तक किया गया , जिसमें विद्या भारती के देशभर के 11 क्षेत्रों में से छह क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि वर्षों तक शिक्षक के रूप में सेवाएं देने के बाद इस प्रकार के शैक्षणिक एवं खेल आयोजन में शामिल होना उनके लिए अपने परिवार के बीच आने जैसा है। पृथ्वीराज चौहान की वीरभूमि अजमेर में देश के विभिन्न प्रांतों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि अजमेर में राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन गर्व का विषय है। महाराजा अजयपाल की इस नगरी में विद्या भारती द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करना सराहनीय है।
