Skip to content
BREAKING

स्पीकर श्री देवनानी ने शदाणी दरबार के माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर डाक टिकट का किया अनावरण

Updated:

राष्ट्रपति ने माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर 200 रूपये का स्‍मारक सिक्‍का जारी किया,

स्पीकर श्री देवनानी ने शदाणी दरबार के माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर डाक टिकट का किया अनावरण,
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • राष्ट्रपति ने माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर 200 रूपये का स्‍मारक सिक्‍का जारी किया,
  • श्री देवनानी समारोह में हुए सम्मिलित

जयपुर , 23 अक्टूबर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रायपुर (छत्‍तीसगढ) स्थित पूज्य शदाणी दरबार में आयोजित कार्यक्रम में शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200 वीं जयंती के अवसर पर डाक टिकट जारी किया।

श्री देवनानी ने कहा कि माता साहिब हासी देवी की 200 वीं जयंती पर डाक टिकट जारी करना उनके आध्यात्मिक योगदान एवं सेवा परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। संत-महापुरुषों का जीवन समाज को सेवा , सद्भाव , संस्कार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। शदाणी दरबार की समृद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह डाक टिकट माता साहिब हासी देवी के जीवन एवं योगदान को स्मरण करने के साथ ही उनकी प्रेरणाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

श्री देवनानी ने माता साहिब हासी देवी के जीवन , आध्यात्मिक योगदान एवं शदाणी दरबार की धार्मिक परंपराओं के महत्व को स्मरण करते हुए कहा कि डाक टिकट का विमोचन उनकी स्मृति को संजोने तथा उनके आध्यात्मिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। समारोह को इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी , पूर्व मंत्री श्रीमती निर्मला वाधवानी , श्री सुरेश खत्री ने भी सम्‍बोधित किया। समारोह में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आभार श्री मोहन ने ज्ञापित किया।

राष्ट्रपति ने माता साहिब हासी देवी की 200 वीं जयंती पर 200 रूपये का स्‍मारक सिक्‍का जारी किया , स्पीकर श्री देवनानी समारोह में हुए सम्मिलित - समारोह में भारत के राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने माता साहिब हासी देवी की 200 वीं जयंती के उपलक्ष्य में 200 रूपये का स्मारक सिक्‍का जारी किया। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन (छत्तीसगढ़ मंडपम) में शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मिलित हुए। श्री देवनानी ने बताया कि माता साहिब हासी देवी की स्मृति और उनके आध्यात्मिक योगदान को व्यापक स्तर पर सम्मान देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की समारोह में उपस्थिति राजस्थान और देश की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक रही। समारोह भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं , संत परंपरा और समाज सेवा के मूल्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर रहा। माता साहिब हासी देवी का स्मरण भारतीय संस्कृति की उस समृद्ध परंपरा का स्मरण है , जिसमें आध्यात्मिक चेतना , मानवीय संवेदना , सेवा और सद्भाव को विशेष महत्व दिया गया है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका , मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय , शदाणी दरबार के वर्तमान पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल , हरि सेवा धाम भीलवाड़ा के महंत श्री हंसराम जी महाराज , इंदौर के सांसद श्री शंकर लालवानी सहित अनेक संत-महात्मा , जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

डॉ.लोकेश/डॉ.रवीन्द्र

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News