जयपुर में रावत मिष्ठान भंडार के अजमेर रोड और नारायण सिंह सर्किल स्थित दो प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 6 नवंबर को कार्रवाई की। विभाग ने 36 प्रकार की अवधिपार एवं अखाद्य सामग्री नष्ट करवाई और बिना वैध लाइसेंस वाले रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करवाया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘शुद्ध आहार‑मिलावट पर वार’ अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त वी.पी. शर्मा ने निरीक्षण की निगरानी की।
अजमेर रोड प्रतिष्ठान में साफ‑सफाई और लेबलिंग की कमियां
अजमेर रोड पर स्थित दुकान में पैक्ड मिठाइयों पर पैकिंग व एक्सपायरी डेट नहीं मिली, तैयार खाद्य पदार्थों पर भी आवश्यक विवरण अनुपलब्ध था। बेकरी काउंटर के नीचे मृत कॉकरोच और मक्खियां मिलीं, फर्श पर खाद्य अवशेष और गंदगी पाई गई। राज कचौरी और दही पूरी अखबार पर रखकर परोसे जा रहे थे।
