केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई ) दिल्ली/राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स के सहयोग से 26-27 अक्टूबर , 2026 को नई दिल्ली में ' स्कूली शिक्षा से रोज़गार तक की राह सुगम बनाने ' के विषय पर चौथे राष्ट्रीय शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा है । इस अवसर पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के सचिव श्री टीके अनिल कुमार और सीबीएसई के अध्यक्ष डॉ. मंदीप भंडारी सहित मंत्रालय तथा सीबीएसई के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री अनिल कुमार ने इसकी चार प्रमुख प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। इनमें प्रौद्योगिकी, डिजिटल सुरक्षा और कौशल ; डिज़ाइन , रचनात्मकता और नवाचार ; राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क के माध्यम से विभिन्न शिक्षा प्रणालियों में कौशल की मान्यता ; तथा समान अवसरों पर आधारित शौक्षिक एवं करियर संबंधी मार्गों के साथ करियर मार्गदर्शन शामिल हैं। उन्होंने स्कूली शिक्षा से उच्च शिक्षा , कौशल विकास और रोज़गार की ओर सहज एवं निर्बाध संक्रमण की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को सोच-समझकर निर्णय लेने में मदद मिलेगी, जिससे वे आजीवन प्रगती कर सकेंगे , समाज में योगदान दे सकेंगे और गरिमापूर्ण जीवन जी सकेंगे।
दो दिवसीय इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य मुख्यधारा की स्कूली शिक्षा के साथ कौशल शिक्षा के एकीकरण को मज़बूत करना और विद्यार्थियों के लिए स्कूल से कार्यक्षेत्र तक की यात्रा को अधिक सुगम बनाना है। इसमें विद्यालय प्रमुखों, शिक्षकों, उद्योग जगत के विशेषज्ञों और नीतिनिर्माताओं को एक मंच पर लाया जा रहा है, ताकि वे कार्यबल की उभरती आवश्यकताओं तथा विद्यार्थियों को भावी करियर के लिए तैयार करने के नवोन्मेषी तरीकों पर विचार-विमर्श कर सकें। यह सम्मेलन प्रतिभागियों को आपस में सम्पर्क स्थापित करने, साझेदारियाँ विकसित करने तथा एक-दूसरे से मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त करने के अवसर भी प्रदान कर रहा है।
