युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) द्वारा आज 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें’ के 46 कार्यक्रमों में कुल 6,688 युवाओं ने भाग लिया। 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य देशभर के 500 विश्वविद्यालयों , कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच बनाना है।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं , विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाना और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सोच-समझकर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसका उद्देश्य युवाओं को मतदान के अधिकारों , चुनावी प्रक्रियाओं और नागरिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना है। साथ ही , उन्हें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों , युवा आइकॉन और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के साथ लोकतांत्रिक भागीदारी तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पर संवाद करने का अवसर प्रदान करना है।
आज आयोजित कार्यक्रमों का विस्तार देश के विभिन्न क्षेत्रों तक रहा। इनमें उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर , हिमाचल प्रदेश , पंजाब , हरियाणा , उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश , मेघालय , नागालैंड और सिक्किम के राज्य शामिल रहे। इसके अलावा , पूर्वी , मध्य , पश्चिमी और दक्षिणी भारत के बिहार , झारखंड , ओडिशा , पश्चिम बंगाल , छत्तीसगढ़ , मध्य प्रदेश , गुजरात , महाराष्ट्र , राजस्थान , कर्नाटक और तमिलनाडु में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। 30 अक्टूबर 2026 तक , 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 96 युवा संवाद आयोजित किए जा चुके हैं , जिनमें 18,475 युवाओं और 97 युवा आइकॉन ने भाग लिया है।
