Skip to content
BREAKING

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के दिए निर्देश

Updated:

झुंझुनूं जिले की 6 पंचायत समितियों के लिए मतदान दल हुए रवाना

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के दिए निर्देश,
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • झुंझुनूं जिले की 6 पंचायत समितियों के लिए मतदान दल हुए रवाना
  • स्वीप गतिविधियों की सराहना कर अधिक मतदान की अपील
  • निकाय चुनाव की सफलता का पूरा श्रेय कार्मिकों को दिया

जयपुर, 27 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव–2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनावों को लेकर मंगलवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज, झुंझुनूं में मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को रवाना किया तथा चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि आयोग की ओर से निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अब चुनाव कार्य में लगे सेक्टर मजिस्ट्रेट, एरिया मजिस्ट्रेट, मतदान दलों सहित सभी कार्मिकों की जिम्मेदारी है कि वे उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी सजगता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।

उन्होंने मतदान दलों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी परिस्थिति में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

साथ ही जिले में मतदाता जागरूकता के लिए संचालित स्वीप गतिविधियों की सराहना की और आमजन से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि निर्वाचन संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी समस्या की शिकायत कंट्रोल रूम में दर्ज करवाई जा सकती है, जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

कार्मिकों को दिया श्रेय—

राजेश्वर सिंह ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि निकाय चुनाव की सफलता का पूरा श्रेय आपको है। उन्होंने कहा कि आपकी कर्तव्यनिष्ठा के बिना यह संभव नहीं था।

प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अरुण गर्ग, पर्यवेक्षक डॉ गौरव चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, स्वीप के राज्य प्रभारी प्रो सुधीर सोनी एवं अति जिला कलक्टर परशुराम धानका भी उपस्थित रहे।

मतदान केंद्र का किया निरीक्षण—

इसके बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने मंगलवार को झुंझुनूं जिले के हेतमसर एवं वाहिदपूरा में मतदान केंद्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा—निर्देश दिए और मतदान के लिए व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

संतोष कुमावत/रवीन्द्र

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News