जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम तथा जिला नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया के निर्देशन में जिला स्वीप प्रकोष्ठ के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पचीपल्या में गुरूवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं ग्रामवासियों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना, नव मतदाता पंजीकरण की जानकारी देना तथा लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्वीप टीम द्वारा उपस्थित ग्रामवासियों एवं अन्य प्रतिभागियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, उपस्थित लोगों को निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शपथ दिलाई गई।
जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि मतदाता जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना तथा मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण और मतदान में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक मतदाता बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता पंजीकरण तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करें।
