Skip to content
BREAKING

पंचायतीराज आम चुनाव-2026: द्वितीय एवं तृतीय चरण के मतदान दल राजकीय एलबीएस महाविद्यालय कोटपूतली से होंगे रवाना

Updated:

पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए ईवीएम तथा सरपंच-पंच चुनाव की मतदान सामग्री का वितरण भी यहीं से होगा

पंचायतीराज आम चुनाव-2026: द्वितीय एवं तृतीय चरण के मतदान दल राजकीय एलबीएस महाविद्यालय कोटपूतली से होंगे रवाना
— Times of Rajasthan

कोटपूतली-बहरोड़, 26 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए द्वितीय एवं तृतीय चरण में मतदान संपन्न करवाने हेतु मतदान दलों की रवानगी राजकीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) महाविद्यालय, कोटपूतली से की जाएगी। मतदान दलों को निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं अन्य मतदान सामग्री का वितरण महाविद्यालय परिसर में स्थापित स्ट्रांग रूम से किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। राजकीय एलबीएस महाविद्यालय, कोटपूतली में स्थापित स्ट्रांग रूम से पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए ईवीएम तथा सरपंच एवं पंच पदों के चुनाव के लिए आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम प्रशिक्षण पश्चात मतदान सामग्री प्रदान कर मतदान दलों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए 27 अक्टूबर एवं 2 नवम्बर को रवाना किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मतदान दलों में नियुक्त समस्त कार्मिक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम चरण के प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करना सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान संबंधी दायित्वों तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी प्राप्त करना प्रत्येक कार्मिक के लिए महत्वपूर्ण है, ताकि मतदान दिवस पर सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संपादित किए जा सकें।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों में नियुक्त कार्मिकों से निर्धारित समय पर प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में नियुक्त सभी कार्मिक निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान संपन्न करवाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

---000--

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News