बारां जिले की चार पंचायत समितियों में चतुर्थ चरण के पंचायती राज चुनाव के लिए मतदान दलों को शुक्रवार को जिला मुख्यालय से गंतव्य केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। इन क्षेत्रों में शनिवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक 468 मतदान केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा व बारां पंचायत समितियों में होने वाले इस चरण के चुनाव में कुल 4,23,374 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इनमें 2,17,736 पुरुष और 2,05,638 महिला मतदाता शामिल हैं। इस चरण में कुल 133 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा, जिसके तहत जिला परिषद के 16, पंचायत समितियों के 78 तथा ग्राम पंचायत के 1281 वार्डों के लिए 468 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध और मतदान प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा ने मांगरोल रोड स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय में मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए। मतदान केन्द्रों पर दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर और महिलाओं की सहायता के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान के लिए मतदाताओं को फोटोयुक्त पहचान पत्र या आयोग द्वारा अनुमोदित 11 वैकल्पिक दस्तावेजों में से एक प्रस्तुत करना होगा।
