- अब तक 19 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में 50 युवा संवाद आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 11,700 से अधिक युवाओं ने भाग लिया
- 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देशभर में चलाए जाने वाले इस अभियान के तहत 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और संस्थानों को शामिल किया जाएगा
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के तहत, मेरा युवा भारत(माय भारत), ने आज 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के महाविद्यालयों एवं संस्थानों में ‘विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें’ के 23 संस्करणों का आयोजन किया, जिनमें 5,481 युवाओं ने भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में चुनावी जागरूकता को बढ़ावा देना तथा उन्हें मतदान के अधिकारों, चुनावी प्रक्रियाओं और नागरिक दायित्वों से परिचित कराकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जागरूक एवं सूचित भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है।
26 अक्टूबर से 5 नवंबर, 2026 तक 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और संस्थानों में आयोजित किए जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत 29 अक्टूबर तक 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुल 50 युवा संवाद आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों में 11,787 युवाओं और 51 युवा आइकॉन्स ने भाग लिया है। इन सत्रों में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और युवा आइकॉन्स को एक मंच पर लाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी, नागरिक दायित्वों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा की जाती है।
