Skip to content
BREAKING

काजीपुरा और बोराज में 1.30 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क विकास कार्यों का शुभारम्भ

Updated:

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया सड़क निर्माण एवं रिन्यूवल कार्यों का शुभारम्भ

काजीपुरा और बोराज में 1.30 करोड़ रुपये से अधिक के सड़क विकास कार्यों का शुभारम्भ
— सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान
  • विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया सड़क निर्माण एवं रिन्यूवल कार्यों का शुभारम्भ
  • ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन होगा सुगम, नागरिकों को मिलेगी सुरक्षित यातायात सुविधा

जयपुर, 19 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 काजीपुरा एवं वार्ड संख्या 7 बोराज में विभिन्न सड़क निर्माण, सड़क रिन्यूवल तथा रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाए जाने वाले इन कार्यों पर कुल 1 करोड़ 29 लाख 64 हजार रुपये व्यय होंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामवासियों, आसपास की कॉलोनियों के निवासियों तथा क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने काजीपुरा स्थित तेजा चौक में आयोजित कार्यक्रम में 38.48 लाख रुपये की लागत से वार्ड संख्या 6 में तेजाजी मंदिर से रतन पांचू जी के मकान तक सड़क निर्माण तथा भैरव मंदिर सड़क पर रिटेनिंग वॉल सहित सड़क निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। इसी क्रम में ग्राम बोराज स्थित उर्मिला गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड संख्या 7 की बोराज मुख्य सड़क के 55 लाख रुपये की लागत से रिन्यूवल कार्य तथा रावत कॉलोनी में 36.16 लाख रुपये की लागत से विभिन्न मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण एवं नवीनीकरण से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम तथा सुरक्षित यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को इनका लाभ शीघ्र मिल सके।

श्री देवनानी ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र की जीवनरेखा होती हैं। बेहतर सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान करती हैं। शहर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में आवश्यकतानुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्य करवाए गए हैं। हाथीखेड़ा में 20 करोड़ रुपये की लागत से बालिका सैनिक स्कूल का निर्माण करवाया जा रहा है। वहीं, वरुणसागर झील एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण और पुनरुद्धार के लिए करोड़ों रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। सुरक्षा एवं जनआवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बोराज तालाब की पाल का पुनर्निर्माण कार्य भी करवाया गया है।

भानुप्रताप/रवीन्द्र

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News