पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में तीसरे एवं चौथे चरण के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रिटर्निंग अधिकारियों, तहसीलदारों एवं खंड विकास अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी चुनावी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायतीराज आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों का सामूहिक दायित्व है। सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन सुनिश्चित करें।
