जयपुर। खनिज संसाधनों के क्षेत्र में राजस्थान ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रधान खनिज ब्लॉकों की नीलामी और उन्हें संचालन में लाने के मामले में राजस्थान ने देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेश के प्रयासों की सराहना की है।
केंद्रीय खान मंत्रालय की ओर से सोमवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राजस्थान के खनन क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी दी गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास शामिल हुए और उन्होंने प्रदेश की उपलब्धियों एवं खनन क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
सरकारी जानकारी के अनुसार, राजस्थान ने अब तक प्रधान खनिजों के 140 ब्लॉकों की सफल नीलामी की है, जो देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक है। इस उपलब्धि से प्रदेश में खनन क्षेत्र में निवेश बढ़ने के साथ औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
